सामग्री पर जाएँ

तक़वा

wikishia से
अख़लाक़
وسط
अख़्लाक़ी आयतें
आयात ए इफ़्कआय ए उख़ूव्वतआय ए इत्आमआयत ए नबाआय ए नजवाआय ए बिर्रआय ए इस्लाह ज़ात अल-बैनआय ए ईसार
अख़्लाक़ी हदीसें
हदीस ए क़ुर्ब अल नवाफ़िलहदीसे मकारिम अल-अख़लाक़हदीसे मेअराज
अख़लाक़ी गुण
विनम्रतासंतोषउदारताकज़्मे ग़ैज़इख़्लासईश्वर का भयहिल्मज़ोहदसाहसशुद्धताइंसाफ़इस्लाह ज़ात अल-बैन
अख़लाक़ी दोष
अभिमानहिर्सहसदझूठचुगली करनानामिमा (कहानी सुनाना)लाछन लगानाकंजूसीआक़े वालेदैनउज्बदोष ढूँढनाक़तए रहमगप करनाकृतघ्नता
अख़लाक़ी शब्द
आत्म जिहादनफ़्से लव्वामानफ़्से अम्मारानफ़्से मुतमइन्नामुहासबामुराक़ेबापापइस्तिदराज
अख़्लाक़ी विद्वान
मुहम्मद महदी नराक़ीमुल्ला अहमद नराक़ीमिर्ज़ा जवाद मलेकी तबरीज़ीसय्यद अली क़ाज़ीसय्यद रज़ा बहाउद्दीनीअब्दुल करीम हक़ शेनासमुहम्मद तक़ी बहजतअली अकबर मिशकीमीहुसैन मज़ाहिरी
अख़लाक़ी संसाधन
क़ुरआननहज अल बलाग़ामकारिम अल अख़्लाक़जामेअ अल-सआदातमेराज अल सआदामुराक़ेबात

तक़वा, मनुष्य की आत्मा की एक ऐसी अवस्था या शक्ति है, जो उसे आध्यात्मिक और नैतिक सुरक्षा प्रदान करती है। इस प्रकार जब कोई व्यक्ति पाप के वातावरण में भी रहता है, तो उसके भीतर मौजूद यह आध्यात्मिक अवस्था और आत्मिक शक्ति उसे पाप से सुरक्षित रखती है। क़ुरआन, पैग़म्बर हज़रत मुहम्मद (स) की रिवायतों, शिया इमामों की शिक्षाओं और धार्मिक विद्वानों के कथनों में तक़वा के महत्व पर विशेष ज़ोर दिया गया है। साथ ही, सांसारिक जीवन और आख़िरत में तक़वा के अनेक प्रभाव और लाभ का वर्णन किया गया हैं। विद्वानों ने तक़वा के प्रभावों में पापो की क्षमा, अल्लाह के निकट कर्मो की स्वीकृति, मुक्ति और सफलता प्राप्त होना, सत्य और असत्य के बीच अंतर करने की शक्ति मिलना, हलाल जीवीका प्राप्त होना तथा कठिनाइयों से छुटकारा मिलना आदि को सम्मिलित किया है।

इस विषय पर बहुत सी हदीसों के अलावा नहजुल बलाग़ा के उपदेश नंबर 193 जिसे हमाम उपदेश या मुत्तक़ीन उपदेश कहा जाता है, में परहेज़गार लोगों के गुणों और विशेषताओं का विस्तार से वर्णन किया गया है।

तक़वा के भी अलग-अलग वर्ग हैं। इमाम जाफ़र सादिक़ (अ) से वर्णित एक हदीस में तक़वा के तीन वर्ग बताए गए हैं। पहला सार्वजनिक तक़वा है, जिसमें व्यक्ति नर्क के पीड़ा के डर से हराम कामों से बचता है। दूसरा विशेष तक़वा है, जिसमें व्यक्ति केवल हराम कामों से ही नहीं, बल्कि उन संदिग्ध कार्यों से भी बचता है, जिनके हराम होने की संभावना हो। तीसरा ख़ासुल-ख़ास (अति-विशिष्ट) तक़वा है। इस दर्जे में व्यक्ति संदिग्ध और हराम कार्यों से बचने के साथ-साथ कुछ ऐसे हलाल कामों को भी छोड़ देता है, जिनसे उसके आध्यात्मिक स्तर में कमी आने की आशंका हो।

इसी प्रकार, धर्मगुरुओं ने रिवायतों के आधार पर शरीर के प्रत्येक उस अंग के लिए, जो पाप में पड़ सकता है, जैसे कान, आँख, ज़बान और दिल, उस अंग के अनुरूप उसका तक़वा (परहेज़गारी) का उल्लेख किया है।

महत्व

तक़वा धार्मिक शब्दावली में बहुत प्रचलित और महत्वपूर्ण शब्द है। क़ुरआन में इसका प्रयोग संज्ञा और क्रिया, दोनों रूपों में बहुत अधिक हुआ है।[] मुर्तज़ा मुतह्हरी के अनुसार, क़ुरआन में जिस प्रकार ईमान, नेक अमल, नमाज़ और ज़कात का उल्लेख हुआ है, लगभग उसी अनुपात में, बल्कि रोज़े के उल्लेख से भी अधिक, तक़वा का उल्लेख किया गया है।[] कुछ शोधकर्ताओं के अनुसार, क़ुरआन में स्वयं ‘तक़वा’ शब्द 17 बार आया है, जबकि इसके विभिन्न रूपों और समान मूल वाले शब्दों का प्रयोग 200 से अधिक बार हुआ है।[] मासूमीन (अ) की रिवायतों में भी तक़वा शब्द का बहुत अधिक प्रयोग हुआ है।[] मुहम्मद बिन याक़ूब कुलैनी ने अपनी प्रसिद्ध पुस्तक अल-काफ़ी में ‘बाब अल तआ व अल तक़वा’ नाम से एक अध्याय निर्धारित करते हुए तक़वा से संबंधित हदीसों को संकलित किया है।[]

नहजुल बलाग़ा में भी जिन शब्दों पर विशेष रूप से ज़ोर दिया गया है, उनमें ‘तक़वा’ प्रमुख है।[] कुछ शोधकर्ताओं के अनुसार, नहजुल बलाग़ा में तक़वा और इसके विभिन्न रूपों का प्रयोग लगभग 100 बार हुआ है और यह इमाम अली (अ) के कथनों में प्रयुक्त प्रमुख शब्दों में से एक है।[] इस्लामी नैतिकता के विषय पर लिखी गई पुस्तकों में भी तक़वा और उसके प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई है।[] इसी प्रकार सूफ़ियों और आरिफ़ों के कथनों में तक़वा को आध्यात्मिक साधना के एक महत्वपूर्ण स्थान के रूप में माना गया है। वहाँ इसका अर्थ और महत्व वरअ और दिल जैसी अवधारणाओं के साथ जुड़कर स्पष्ट होता है।[]

न्यायविदों के कथनों में भी कुछ धार्मिक और शरीअती आदेशों के संदर्भ में तक़वा के स्थान और महत्व को स्पष्ट किया गया है।[१०] उदाहरण के लिए, न्यायविदों के फ़तवों के अनुसार, जुमा की नमाज़ के धर्मोउपदेश में इमामे जुमा के लिए लोगों को तक़वा की नसीहत करना अनिवार्य है।[११] इसी तरह कुछ न्यायविदों के अनुसार, यदि दो न्यायविद ज्ञान और विद्वत्ता की दृष्टि से समान हों, तो मुक़ल्लिद के लिए उस न्यायविद का अनुसरण (तक़लीद) करना अनिवार्य है, जो अधिक परहेज़गार और मुत्तक़ी हो।[१२]

परिभाषा

तक़वा व्यक्ति के भीतर पैदा होने वाली ऐसी अवस्था है, जो उसे आध्यात्मिक और नैतिक सुरक्षा प्रदान करती है। इसके कारण जब वह पाप के वातावरण में भी होता है, तब भी पाप करने से बचता है।[१३] शब्दकोश की दृष्टि से इसका अर्थ स्वयं को सुरक्षित रखना और अपने नफ़्स की सुरक्षा करना है।[१४]

क़ुरआन में तक़वा के अर्थ

तक़वा यह है कि यदि तुम्हारे कर्मों को एक खुली और पारदर्शी थाली में रखकर पूरी दुनिया में घुमाया जाए, ताकि लोग उन्हें देख सकें, तो उसमें ऐसी कोई चीज़ न हो जिससे तुम्हें शर्म या लज्जा महसूस हो।

अयनासी, अल-इस्ना अशरिय्या फ़िल-मवाइज़िल-अददिय्या, पृष्ठ 702।

शोधकर्ताओं ने क़ुरआन की आयतों के आधार पर तक़वा के चार अर्थ बताए हैं।[१५]

  1. सुरक्षा प्रदान करने वाली चीज़ः तक़वा अर्थात वह चीज़, जिसे व्यक्ति अपने और उस चीज़ के बीच रुकावट के रूप में रखता है, जिससे उसे भय होता है, ताकि वह उसके नुकसान से सुरक्षित रह सके।[१६] क़ुरआन की आयत وَجَعَلَ لَکُمْ سَرَابِیلَ تَقِیکُمُ الْحَرَّ (व जअला लकुम सराबीला तक़ीकुमुल हर्रा) अर्थात “और उसने तुम्हारे लिए ऐसे वस्त्र बनाए, जो तुम्हें गर्मी से बचाते हैं”,[१७] में तक़वा इसी अर्थ में प्रयोग हुआ है।[१८] इज़ुत्सु Toshihiko Izutsu के अनुसार इस्लाम से पहले भी अरबों के बीच यह शब्द इसी अर्थ मे प्रचलित था।[१९]
  2. अल्लाह के प्रकोप और आख़िरत के अज़ाब का भयः[२०] क़ुरआन की आयत وَاتَّقُوا اللَّهَ إِنَّ اللَّهَ شَدِیدُ الْعِقَابِ (वत्तक़ुल्लाहा अन्नल्लाहा शदीदुल एक़ाब) अर्थात “अल्लाह से डरो, निश्चय ही अल्लाह की सज़ा बहुत कठोर है”,[२१] में तक़वा इसी अर्थ में आया है।[२२]
  3. आज्ञापालन करना और गुनाह से बचनाः[२३] क़ुरआन की आयत یَا أَیُّهَا الَّذِینَ آمَنُوا اتَّقُوا اللهَ وَلْتَنْظُرْ نَفْسٌ مَا قَدَّمَتْ لِغَدٍ (या अय्योहल लज़ीना आमनू इत्तक़ुल्लाहा वलतंज़ुर नफ़्सुन मा क़द्दमत ले ग़दिन) अर्थात “ऐ ईमान वालों! अल्लाह से डरो और हर व्यक्ति यह देखे कि उसने कल के लिए क्या आगे भेजा है”,[२४] में तक़वा इसी अर्थ में प्रयोग हुआ है।[२५]
  4. तक़वा का एक अन्य अर्थ दिल की एक ऐसी अवस्था और आत्मिक गुण है, जो मनुष्य को आज्ञापालन और पाप के प्रति गहरी समझ प्रदान करता है। इस अर्थ की प्राप्ति अल्लाह के आदेशों और निषेधों का पालन करने तथा उन्हें निरंतर व्यवहार में लाने पर निर्भर है।[२६]

कहा जाता है कि तक़वा के ये चारों अर्थ आपस में जुड़े हुए हैं और मिलकर तक़वा की पूरी अवधारणा को स्पष्ट करते हैं। इसका अर्थ यह है कि अल्लाह के अज़ाब का भय, यानी आख़िरत में अल्लाह के प्रकोप और दंड का डर, इंसान को अल्लाह के आदेशों का पालन करने और उसकी मनाही की गई चीज़ों से बचने के लिए प्रेरित करता है।(तीसरा अर्थ) इस तरह व्यक्ति अपने और अल्लाह के प्रकोप तथा अज़ाब के बीच एक सुरक्षा का साधन बना लेता है।(पहला अर्थ) इसके बाद अल्लाह के आदेशों और निषेधों का लगातार पालन करते रहने से धीरे-धीरे तक़वा एक स्थायी आध्यात्मिक गुण के रूप में मोमिन के दिल में बस जाता है (चौथा अर्थ)।[२७]

तक़वा और वरअ का संबंध

अल्लाह का तक़वा तुम्हारे दिलों की बीमारियों की दवा है, दिलों की दृष्टि को प्रकाश देने वाला है, शारीरिक रोगों के लिए उपचार है, आत्माओं के विकारों को सुधारने वाला है, रूहों की अशुद्धियों से पवित्र करने वाला है, आँखों की अंधता को दूर करने वाला है, बेचैनी और व्याकुलता से सुरक्षा प्रदान करने वाला है तथा तुम्हारी अंधकारमय स्थितियों को प्रकाश से भर देने वाला है।

नहजुल बलाग़ा, संशोधन: सुब्ही सालेह, ख़ुत्बा 198, पृष्ठ 312।

कुछ हदीसों में तक़वा और वरअ का उल्लेख एक साथ किया गया है।[२८] मुहम्मद महदी नराक़ी ने इन दोनों को समान अर्थ वाला माना है।[२९] उन्होंने वरअ के दो अर्थ बताए हैं, जो तक़वा पर भी लागू होते हैं। पहला अर्थ यह है कि वरअ का मतलब हराम माल से अपने आपको बचाना है। नराक़ी के अनुसार, कुछ हदीसों में तक़वा का अर्थ भी यही बताया गया है। दूसरा अर्थ यह है कि अल्लाह के क्रोध के भय और उसकी प्रसन्नता प्राप्त करने के लिए इंसान सभी पापो से अपने आपको बचाए।[३०]

चौदहवीं शताब्दी हिजरी के सीरिया के हनफ़ी विद्वान अब्दुल क़ादिर मुल्ला हुवैश आले ग़ाज़ी जैसे विद्वानो ने इसके विपरीत वरअ को तक़वा से अलग और उससे ऊंचा दर्जा माना है।[३१] उनके अनुसार, तक़वा का अर्थ हराम कामों से बचना और अल्लाह के अनिवार्य आदेशों को पूरा करना है, जबकि वरअ इससे ऊंचा दर्जा है। इसका अर्थ उन संदिग्ध कामों से बचना और उन हलाल कामों को भी छोड़ देना है, जिनसे आगे चलकर पापों मे लिप्त होने की संभावना हो।[३२]

तक़वा के बारे में क़ुरआन, हदीस और विद्वानों के कुछ कथन

सूर ए हुजरात की आयत 13 में इंसान की श्रेष्ठता और मूल्य का आधार अल्लाह के तक़वा को अपनाना।[३३] सूर ए बक़रा की आयत 197 के अनुसार, आख़िरत के लिए सबसे अच्छा आध्यात्मिक सामान तक़वा[३४] तथा सूर ए आराफ़ की आयत 26 में शरीर के कपड़ों का उल्लेख करने के बाद तक़वा को आत्मा का वस्त्र और सबसे बेहतर तथा आवश्यक वस्त्र बताया गया है।[३५]

नहजुल बलाग़ा के उपदेश संख्या 114 में इमाम अली (अ) से वर्णित है कि अल्लाह का तक़वा उसके दोस्तों को अपनी सुरक्षा में रखता है, उन्हें अल्लाह की हराम की हुई सीमाओं का उल्लंघन करने से रोकता है और उनके दिलों में अल्लाह का भय बनाए रखता है।[३६] उपदेश संख्या 16 में इमाम अली (अ) ने तक़वा की तुलना ऐसे आज्ञाकारी और तेज़ चलने वाले घोड़ों से की है, जिनकी लगाम उनके सवारों के हाथ में होती है और जो उन्हें स्वर्ग तक पहुंचाते हैं।[३७] उपदेश संख्या 189 में इमाम अली (अ) ने फ़रमाया है कि इस दुनिया में तक़वा इंसान के लिए एक मज़बूत किले और सुरक्षा की ढाल है, जबकि आख़िरत में यही स्वर्ग तक पहुंचने का रास्ता है।[३८] उपदेश संख्या 228 में तक़वा को सत्य और सही मार्ग की कुंजी, क़यामत के दिन के लिए संचित पूंजी, ग़ुलामी की ज़ंजीरों से मुक्ति और हर प्रकार की बदबख़्ती से छुटकारे का साधन बताया गया है।[३९] इमाम सज्जाद (अ) ने तक़वा को इंसानी सम्मान और प्रतिष्ठा प्राप्त करने का कारण बताया है।[४०] सहीफ़ा-ए-सज्जादिया की कुछ दुआओं में उन्होंने अल्लाह की बारगाह से तक़वा प्राप्त होने का आग्रह किया है।[४१]

पैग़म्बर (स) से वर्णित एक हदीस में तक़वा को सभी भलाइयों का संग्रह बताया गया है।[४२] इमाम मुहम्मद बाक़िर (अ) से वर्णित है कि अल्लाह के सबसे प्रिय बंदे वे हैं, जो सबसे अधिक परहेज़गार हैं।[४३] एक अन्य हदीस में उन्होंने वास्तविक शियों की पहचान यह बताई है कि वे अल्लाह का तक़वा अपनाते हैं।[४४] इमाम जाफ़र सादिक़ (अ) से वर्णित एक हदीस के अनुसार, तक़वा के साथ किया गया थोड़ा-सा अमल उस बहुत अधिक अमल से बेहतर है, जिसमें तक़वा न हो।[४५] दुआ-ए-नुदबा के एक अंश में लोगों को अल्लाह और उसके तक़वा के आधार पर एकजुट करना इमाम महदी (अ) की हुकूमत की विशेषताओं में से एक बताया गया है।[४६] भाषाविद् राग़िब इस्फ़हानी (मृत्यु 396 हिजरी) ने अपनी पुस्तक अल-ज़रीआ इला मकारिम अल शरीआ में तक़वा और आत्मशुद्धि को इंसान के ख़लीफ़तुल्लाही बनने की मूल शर्त बताया है।[४७] उद्दा अल दाई में तक़वा के महत्व को बताते हुए इब्ने फ़हद हिल्ली ने कहा है कि यदि संसार में इंसान के लिए तक़वा से बढ़कर कोई बेहतर, अधिक लाभदायक और उच्च दर्जे वाली विशेषता होती, तो अल्लाह वही के माध्यम से अपने बंदों को अवश्य बता देता।[४८] जामेअ अल सादात मे मुहम्मद महदी नराक़ी ने तक़वा को इंसान का सबसे बड़ा रक्षक और सआदत तथा ऊंचे आध्यात्मिक दर्जों तक पहुंचने के सबसे महत्वपूर्ण साधनों में से एक बताया है।[४९] शरहे चहल हदीस में इमाम ख़ुमैनी ने कहा है कि तक़वा के बिना इंसान के लिए उच्च आध्यात्मिक दर्जे और महान मानवीय गुणों को प्राप्त करना संभव नहीं है।[५०]

तक़वा के स्तर

अल्लाह की क़सम! हमारा शिया वह नहीं है, सिवाय उसके जो अल्लाह का तक़वा अपनाए और उसकी आज्ञा का पालन करे... अल्लाह का तक़वा अपनाओ और अल्लाह के लिए अमल करो। अल्लाह और उसके किसी बंदे के बीच कोई रिश्तेदारी नहीं है। बल्कि अल्लाह के निकट सबसे प्रिय और सम्मानित बंदे वही हैं जो सबसे अधिक परहेज़गार हैं और उसकी आज्ञा का सबसे अधिक पालन करने वाले हैं।

कुलैनी, अल-काफ़ी, खंड 2, पृष्ठ 74।

कुछ व्याख्याकारों ने क़ुरआन की उन आयतों को ध्यान में रखते हुए, जैसे आयत اِنَّ اَکرَمَکُم عِندَ اللّهِ اَتقـکُم (इन्ना अकरमकुम इंदल्लाहे अत्क़ाकुम) अर्थात “निश्चय ही अल्लाह के निकट तुममें सबसे अधिक सम्मानित वही है, जो सबसे अधिक परहेज़गार है”,[५१] कहा है कि तक़वा के अलग-अलग स्तर होते हैं।[५२] इमाम जाफ़र सादिक़ (अ) से वर्णित एक हदीस में तक़वा के तीन स्तर बताए गए हैं:

  1. सार्वजनिक तक़वा: इसमें इंसान नर्क के अज़ाब के डर से हराम कामों को छोड़ देता है।
  2. विशेष तक़वा: इसमें इंसान केवल हराम कामों से ही नहीं, बल्कि उन संदिग्ध कामों से भी बचता है, जिनके हराम होने की संभावना हो।
  3. ख़ासुल-ख़ास (अति-विशिष्ट) तक़वा: इस दर्जे में इंसान संदिग्ध कामों के साथ-साथ कुछ हलाल कामों को भी छोड़ देता है।[५३]

सातवीं और आठवीं शताब्दी हिजरी के क़ुरआन के व्याख्याकार और शाफ़ेई न्यायविद बैज़ावी ने भी तक़वा के तीन स्तरों का वर्णन करते हुए लिखा है कि सबसे निचला स्तर शिर्क से बचना है। इसके बाद का स्तर पापों से बचना है। सर्वोच्च चरण अल्लाह के सामने पूरी तरह समर्पित हो जाना और हर उस चीज़ से दूर रहना है, जो इंसान को सत्य के मार्ग से रोकती है।[५४] अल्लामा मजलिसी ने भी अपनी पुस्तक बिहार उल अनवार में तक़वा के तीन चरण बताए हैं। पहला चरण सही विश्वास और सही धार्मिक मान्यताओं को अपनाकर अपने आपको हमेशा के अज़ाब से बचाना है। दूसरा चरण हर प्रकार के गुनाह से बचना है, जिसमें किसी वाजिब काम को छोड़ना और किसी पाप को करना दोनों शामिल हैं। तथा सबसे ऊंचा चरण यह है कि इंसान अपने दिल को हर उस चीज़ में उलझने से बचाए, जो उसे अल्लाह से दूर कर देती है।[५५]

आदाब अल सलामत में इमाम ख़ुमैनी ने तक़वा के चार स्तर बताए हैं:

  1. बाहरी तक़वा: अपने आपको खुले तौर पर किए जाने वाले गुनाहों से बचाना। यह आम लोगों का तक़वा है।
  2. आंतरिक तक़वा: नैतिक गुणों और आत्मिक इच्छाओं में अति, कमी और संतुलन की सीमा से आगे बढ़ने से बचना। यह विशेष लोगों का तक़वा है।
  3. बौद्धिक तक़वा: अपनी बुद्धि को गैर-ईश्वरीय ज्ञान में उलझने से बचाना और उसे शुद्ध रखना। यह विशेष लोगों में भी सबसे विशेष लोगों का तक़वा है।
  4. दिल का तक़वा: अपने दिल को अल्लाह के अलावा किसी और की ओर ध्यान लगाने और किसी अन्य के बारे में मनन करने से बचाना। यह अल्लाह के ख़ास बंदों और औलिया का तक़वा है।[५६]

शरीर और दिल का तक़वा

नैतिकता के विद्वानों ने नैतिकता से संबंधित वर्णित रिवायतों को ध्यान में रखते हुए शरीर के प्रत्येक उस अंग के लिए, जो पाप में पड़ने की संभावना रखता है, उस अंग के अनुरूप तक़वा का एक रूप बताया है। उनमें से कुछ इस प्रकार हैं:

  • ज़बान का तक़वा: इसमें सच्ची बात कहना,[५७] ज़बान पर अल्लाह का ज़िक्र जारी रखना,[५८] नर्मी और शालीनता के साथ बात करना,[५९] अच्छी बात कहना, ज़बान को गाली-गलौज से रोकना और ऐसी बेकार बातें छोड़ देना जिनमें कोई भलाई न हो, शामिल हैं।[६०]
  • आँखों का तक़वा: हर उस चीज़ से अपनी निगाहें नीची रखना जिसे अल्लाह ने हराम किया है।[६१]
  • कानों का तक़वा: ऐसी हर चीज़ सुनने से अपने कानों को रोकना जिसे अल्लाह ने हराम किया है,[६२] और साथ ही लाभदायक ज्ञान,[६३] धर्म से संबंधित उपयोगी ज्ञान और लाभकारी तथा मुक्ति दिलाने वाली नसीहतों को ध्यान से सुनना।[६४]
  • हृदय का तक़वा: सूर ए हज की आयत 32 और सूर ए हुजरात की आयत 3 में, तथा मासूम इमामों (अ) से वर्णित रिवायतों में, इंसान के हृदय को तक़वा का स्थान बताया गया है।[६५] इसी कारण कुछ विद्वानों ने कहा है कि तक़वा एक आध्यात्मिक और आंतरिक गुण है, जिसका संबंध इंसान की आत्मा और उसके नफ़्स से है।[६६] साथ ही कुछ विद्वानों का मत है कि हृदय का तक़वा का अर्थ यह है कि इंसान का हृदय संदेह, शिर्क, कुफ़्र और पाखंड से खाली हो।[६७] कुछ विद्वानों ने दिल के तक़वा को तक़वा का सर्वोच्च दर्जा माना है।[६८]

तक़वा के प्रभाव

मुस्लिम विद्वानों ने क़ुरआन की आयतों और मासूम इमामों (अ) से वर्णित रिवायतों को ध्यान में रखते हुए तक़वा के कई प्रभाव बताए हैं। उनमें से कुछ प्रभाव इस प्रकार हैं:

ख़ुत्बा-ए-मुत्तक़ीन

ख़ुत्बा-ए-मुत्तक़ीन नहजुल बलाग़ा के प्रसिद्ध ख़ुत्बों में से एक है, जिसमें परहेज़गार लोगों के गुणों का वर्णन किया गया है।[८२] इमाम अली (अ) ने हम्माम नामक अपने एक शिया की विनती पर यह ख़ुत्बा बयान किया। इसमें उन्होंने तक़वा रखने वाले लोगों के सौ से अधिक आध्यात्मिक, वैचारिक, नैतिक और व्यावहारिक गुणों का वर्णन किया है।[८३] अच्छी बातें करना, संतुलित जीवन अपनाना, लाभदायक ज्ञान को ध्यान से सुनना, कठिनाइयों के सामने धैर्य रखना, ज़बान पर नियंत्रण रखना, हर स्थिति में अल्लाह को याद करना तथा तहज्जुद और रात में जागकर इबादत करना उन गुणों में शामिल हैं, जिन्हें इस ख़ुत्बे में मुत्तक़ीन लोगों की विशेषताओं के रूप में बताया गया है।[८४]

फ़ुटनोट

  1. मुतह्हरी, दह गुफ़्तार, पृष्ठ 16।
  2. मुतह्हरी, दह गुफ़्तार, पृष्ठ 16।
  3. अब्बासी, «تقوا», पृष्ठ 797।
  4. कुलैनी, अल-काफ़ी, खंड 2, पृष्ठ 73; अल्लामा मजलिसी, बिहार अल अनवार, खंड 70, पृष्ठ 295; नूरी, मुस्तदरक अल वसाइल, खंड 11, पृष्ठ 266।
  5. कुलैनी, अल-काफ़ी, खंड 2, पृष्ठ 73।
  6. मुतह्हरी, दह गुफ़्तार, पृष्ठ 23।
  7. अहमदियान, सईदावी, «تحلیل معنایی درجات تقوا در نهج البلاغه», पृष्ठ 69।
  8. नराक़ी, जामेअ अल सआदात, खंड 2, पृष्ठ 180; इमाम ख़ुमैनी, शरहे चेहल हदीस, पृष्ठ 206 व 325।
  9. इब्ने अरबी, फुतूहाते मक्किय्या, खंड 2, पृष्ठ 157; अब्बासी, «تقوا در تصوف و عرفان», , पृष्ठ 803।
  10. नजफ़ी, जवाहिर अल कलाम, खंड 11, पृष्ठ 211; यज़्दी तबातबाई, अल उर्वतुल वुस्क़ा, खंड 1, पृष्ठ 19।
  11. नजफ़ी, जवाहिर अल कलाम, खंड 11, पृष्ठ 211।
  12. यज़्दी तबातबाई, अल उर्वतुल वुस्क़ा, खंड 1, पृष्ठ 19।
  13. मुतह्हरी, दह गुफ़्तार, पृष्ठ 20-21।
  14. राग़िब इस्फ़हानी, अल-मुफ़रदात फ़ी ग़रीब अल क़ुरआन, «वक़ेया» शब्द के तहत।
  15. इज़ुत्सू, ख़ुदा व इंसान दर क़ुरआन, अनुवाद: अहमद आराम, पृष्ठ 304-305; जलीली, तक़वा, सक़्क़ू-ए परवाज़, पृष्ठ 17।
  16. इज़ुत्सू, ख़ुदा व इंसान दर क़ुरआन, अनुवाद: अहमद आराम, पृष्ठ 305।
  17. सूर ए नहल, आयए 81।
  18. जलीली, तक़वा, सक़्क़ू-ए परवाज़, पृष्ठ 17।
  19. इज़ुत्सू, ख़ुदा व इंसान दर क़ुरआन, अनुवाद: अहमद आराम, पृष्ठ 304-305।
  20. इज़ुत्सू, ख़ुदा व इंसान दर क़ुरआन, अनुवाद: अहमद आराम, पृष्ठ 304।
  21. सूर ए मायदा, आयत 2।
  22. तबरी, तफ़्सीर ए तबरी, खंड 9, पृष्ठ 491; तबरसी, मजमा उल बयान, खंड 3, पृष्ठ 267।
  23. जलीली, तक़वा, सक़्क़ू-ए परवाज़, पृष्ठ 17।
  24. सूर ए हश्र, आयत 18।
  25. तबातबाई, अल-मीज़ान फ़ी तफ़्सीर अल क़ुरआन, खंड 19, पृष्ठ 217-218।
  26. अब्बासी, «تقوا», खंड 7, पृष्ठ 798।
  27. अब्बासी, «تقوا», पृष्ठ 799।
  28. कुलैनी, अल-काफ़ी, खंड 2, पृष्ठ 76 व 78।
  29. नराक़ी, जामेअ अल सआदात, खंड 2, पृष्ठ 180।
  30. नराक़ी, जामेअ अल सआदात, खंड 2, पृष्ठ 180।
  31. मुल्ला हुवैश आले ग़ाज़ी, बयान अल मआनी, खंड 3, पृष्ठ 55।
  32. मुल्ला हुवैश आले ग़ाज़ी, बयान अल मआनी, खंड 3, पृष्ठ 55।
  33. सूर ए हुजरात, आयत 13; मकारिम शीराज़ी, तफ़्सीर नमूना, खंड 22, पृष्ठ 210।
  34. सूर ए बक़रा, आयत 197; मकारिम शीराज़ी, तफ़्सीर नमूना, खंड 15, पृष्ठ 299।
  35. सूर ए आराफ़, आयत 26; मुतह्हरी, दह गुफ़्तार, पृष्ठ 27।
  36. नहजुल बलाग़ा, संशोधन: सुब्ही सालेह, ख़ुत्बा 114, पृष्ठ 169; मुतह्हरी, दह गुफ़्तार, पृष्ठ 23।
  37. नहजुल बलाग़ा, संशोधन: सुब्ही सालेह, ख़ुत्बा 16, पृष्ठ 57; मुतह्हरी, दह गुफ़्तार, पृष्ठ 24।
  38. नहजुल बलाग़ा, संशोधन: सुब्ही सालेह, ख़ुत्बा 191, पृष्ठ 284।
  39. नहजुल बलाग़ा, संशोधन: सुब्ही सालेह, ख़ुत्बा 230, पृष्ठ 351; मुतह्हरी, दह गुफ़्तार, पृष्ठ 25।
  40. सहीफ़ा ए सज्जादिया, दुआए 32, बंद 19 व 20; ज़ारेई, «تقوا از دیدگاه امام سجاد (ع) با تاکید بر صحیفه سجادیه», पृष्ठ 104।
  41. सहीफ़ा ए सज्जादिया, दुआए 17, बंद 5 व दुआए 22, बंद 12।
  42. नूरी, मुस्तदरक अल वसाइल, खंड 11, पृष्ठ 266।
  43. कुलैनी, अल-काफ़ी, खंड 2, पृष्ठ 73।
  44. कुलैनी, अल-काफ़ी, खंड 2, पृष्ठ 73।
  45. कुलैनी, अल-काफ़ी, खंड 2, पृष्ठ 76।
  46. «شرح دعای ندبه - فراز سی و دوم», बैनुल-मिलली ए दुआ साइट।
  47. राग़िब इस्फ़हानी, अल ज़रीआ इला मकारिम अल शरीआ, पृष्ठ 59।
  48. इब्ने फ़ह्द हिल्ली, उद्दा अल दाई, पृष्ठ 304।
  49. नराक़ी, जामेअ अल सआदात, खंड 2, पृष्ठ 181।
  50. इमाम ख़ुमैनी, शरहे चेहल हदीस, पृष्ठ 206।
  51. सूर ए हुजरात, आयत 13।
  52. फ़ख़्रे राज़ी, अल-तफ़्सीर अल कबीर, खंड 28, पृष्ठ 115।
  53. अल्लामा मजलिसी, बिहार अल अनवार, खंड 70, पृष्ठ 296।
  54. बैज़ावी, अनवार अल तन्ज़ील व असरार अल तावील, खंड 1, पृष्ठ 100।
  55. अल्लामा मजलिसी, बिहार अल अनवार, खंड 70, पृष्ठ 136।
  56. इमाम ख़ुमैनी, आदाब अल सलात, पृष्ठ 369।
  57. नहजुल बलाग़ा, संशोधन सुब्ही सालेह, ख़ुत्बा 193, पृष्ठ 303।
  58. नहजुल बलाग़ा, संशोधन सुब्ही सालेह, ख़ुत्बा 83, पृष्ठ 111; मुन्तज़ेरी, दर्स्हाई अज़ नहजुल बलाग़ा, खंड 3, पृष्ठ 315।
  59. नहजुल बलाग़ा, संशोधन सुब्ही सालेह, ख़ुत्बा 193, पृष्ठ 305; मकारिम शीराज़ी, अख़लाक ए इस्लामी दर नहजुल बलाग़ा, खंड 2, पृष्ठ 473।
  60. रिसाल ए हुक़ूक़े इमाम सज्जाद (अ), अनुवाद: मुहम्मद हुसैन अफ़शारी, पृष्ठ 38।
  61. नहजुल बलाग़ा, संशोधन सुब्ही सालेह, ख़ुत्बा 193, पृष्ठ 303; मकारिम शीराज़ी, अख़लाक ए इस्लामी दर नहजुल बलाग़ा, खंड 2, पृष्ठ 158-159।
  62. रिसाल ए हुक़ूक़े इमाम सज्जाद, अनुवाद: मुहम्मद हुसैन अफ़शारी, पृष्ठ 39।
  63. नहजुल बलाग़ा, संशोधन सुब्ही सालेह, ख़ुत्बा 193, पृष्ठ 303; मकारिम शीराज़ी, अख़लाक ए इस्लामी दर नहजुल बलाग़ा, खंड 2, पृष्ठ 157।
  64. अल्लामा मजलिसी, बिहार अल अनवार, खंड 96, पृष्ठ 7।
  65. सूर ए हज्ज, आयत 32; सूर ए हुजरात, आयत 3; फ़त्ताल नैशाबूरी, रौज़तुल वाइज़ीन व बसीरतुल मुत्तइज़ीन, खंड 1, पृष्ठ 4।
  66. तबातबाई, अल-मीज़ान फ़ी तफ़्सीर अल क़ुरआन, खंड 14, पृष्ठ 374।
  67. अब्बासी, «تقوا», पृष्ठ 804।
  68. इमाम ख़ुमैनी, आदाब अल सलात, पृष्ठ 369।
  69. सूर ए अनफ़ाल, आयत 29; मुतह्हरी, दह गुफ़्तार, पृष्ठ 34।
  70. सूर ए माइदा, आयत 27; तबरसी, मजमा उल बयान, खंड 3, पृष्ठ 315।
  71. सूर ए बक़रा, आयत 282; मुतह्हरी, दह गुफ़्तार, पृष्ठ 38।
  72. सूर ए तलाक़, आयत 2; सलमा, तबक़ात अल सूफ़िया, पृष्ठ 232।
  73. सूर ए बक़रा, आयत 2; तबरसी, मजमा उल बयान, खंड 1, पृष्ठ 82।
  74. सूर ए अनफ़ाल, आयत 29; तबातबाई, अल-मीज़ान फ़ी तफ़्सीर अल क़ुरआन, खंड 19, पृष्ठ 316।
  75. सूर ए आले इमरान, आयत 200; तबातबाई, अल-मीज़ान फ़ी तफ़्सीर अल क़ुरआन, खंड 2, पृष्ठ 57।
  76. सूर ए क़मर, आयत 54-55।
  77. नहजुल बलाग़ा, संशोधन सुब्ही सालेह, ख़ुत्बा 198, पृष्ठ 312; मुतह्हरी, दह गुफ़्तार, पृष्ठ 31।
  78. नहजुल बलाग़ा, संशोधन सुब्ही सालेह, ख़ुत्बा 16, पृष्ठ 57।
  79. नहजुल बलाग़ा, संशोधन सुब्ही सालेह, ख़ुत्बा 198, पृष्ठ 312; मुतह्हरी, दह गुफ़्तार, पृष्ठ 31।
  80. सूर ए तलाक़, आयत 3; हिल्ली, उद्दा अल दाई, पृष्ठ 305।
  81. सूर ए आले इमरान, आयत 133; हिल्ली, उद्दा अल दाई, पृष्ठ 305।
  82. नहजुल बलाग़ा, संशोधन सुब्ही सालेह, ख़ुत्बा 193, पृष्ठ 303; मुतह्हरी, दह गुफ़्तार, पृष्ठ 16।
  83. मुतह्हरी, दह गुफ़्तार, पृष्ठ 16।
  84. नहजुल बलाग़ा, संशोधन सुब्ही सालेह, ख़ुत्बा 193, पृष्ठ 303-307।

स्रोत

  • क़ुरआन करीम।
  • सहीफ़ा सज्जादिया।
  • नहजुल बलाग़ा, संशोधन: सुब्ही सालेह, क़ुम, इस्लामी अनुसंधान केंद्र, 1374 शम्सी।
  • रिसाल ए हुक़ूक़ इमाम सज्जाद (अ), अनुवाद: मुहम्मद हुसैन अफ़शारी, क़ुम, मशहूर प्रकाशन, 1394 शम्सी।
  • «شرح دعای ندبه - فراز سی و دوم», (दुआए नुदबा की व्याख्या – बत्तीसवाँ अंश), बैनन मिलली दुआ संस्थान की साइट, देखने का तारीख़ 16 अगस्त 2026।।
  • अब्बासी, बाबक, «تقوا», जहाने इस्लाम पत्रिका में, खंड 7, तेहरान, इस्लामी विश्वकोश संस्थान, 1382 शम्सी।
  • अब्बासी, बाबक, «تقوا در تصوف و عرفان», जहाने इस्लाम पत्रिका में, खंड 7, तेहरान, इस्लामी विश्वकोश संस्थान, 1382 शम्सी।
  • अल्लामा मजलिसी, मुहम्मद बाक़िर, बिहार अल अनवार, बेरूत, अल-वफ़ा संस्थान, 1403 हिजरी।
  • अहमदियान, हमीद व अली सईदावी, «تحلیل معنایی درجات تقوا در نهج البلاغه»,(नहजुल बलाग़ा में तक़वा के विभिन्न स्तरों का अर्थगत विश्लेषण), कावेशी नौ दर मआरिफ़े क़ुरआनी पत्रिका में, अंक 1, वसंत और ग्रीष्म ऋतु 2012 ईस्वी।
  • इज़ुत्सू, तोशिहिको, ख़ुदा व इंसान दर क़ुरआन, अनुवाद: अहमद आराम, तेहरान, फ़रहंगे इस्लामी प्रकाशन कार्यालय, 1373 शम्सी।
  • इब्ने अरबी, मोहियुद्दीन, फ़ुतूहाते मक्किय्या, क़ुम, आले बैत संस्थान, प्रकाशित तारीख़ उपलब्ध नही।
  • इब्ने फ़ह्द हिल्ली, अहमद बिन मुहम्मद, उद्दा अल दाई, क़ुम, दारुल किताब अल इस्लामी प्रकाशन, 1407 हिजरी।
  • इमाम ख़ुमैनी, सय्यद रूहुल्लाह, शरहे चेहल हदीस, क़ुम, इमाम ख़ुमैनी के कार्यों के संरक्षण और प्रकाशन संस्थान, 1380 शम्सी।
  • कुलैनी, मुहम्मद बिन याक़ूब, अल-काफ़ी, तेहरान, शोध: अली अकबर ग़फ़्फ़ारी व मुहम्मद आख़ूंदी, दारुल कुतुब अल इस्लामिया, चौथा संस्करण, 1407 हिजरी।
  • जलीली, जलील, तक़वा, सक़्क़ू-ए परवाज़, क़ुम, इस्लामी मआरिफ़ विश्वविद्यालय प्रकाशन, 1400 शम्सी।
  • ज़ारेई, «تقوا از دیدگاه امام سجاد (ع) با تاکید بر صحیفه سجادیه», पुज़ोहिश दर उलूमे क़ुरआन व हदीस पत्रिका में, वसंत और ग्रीष्म, अंक 1, पृष्ठ 105 से 126, 2022 ईस्वी।
  • तबरसी, फ़ज़्ल बिन हसन, मजमा उल बयान, बेरूत, अल-आलमी प्रकाशन संस्थान, 1415 हिजरी।
  • तबरी, मुहम्मद बिन जरीर, जामेअ उल बयान फ़ी तफ़्सीर अल क़ुरआन (तफ़्सीरे तबरी), बेरूत, दारुल मआरिफ़ा प्रकाशन, 1412 हिजरी।
  • तबातबाई यज़्दी, सय्यद मुहम्मद काज़िम, अल-उर्वतुल वुस्क़ा, क़ुम, इस्लामी प्रकाशन संस्थान, पहला संस्करण, 1417 हिजरी।
  • तबातबाई, सय्यद मुहम्मद हुसैन, अल-मीज़ान फ़ी तफ़्सीर अल क़ुरआन, बेरूत, अल-आलमी प्रकाशन संस्थान, 1393 हिजरी।
  • नजफ़ी, मुहम्मद हसन, जवाहिर अल कलाम, बेरूत, दार एहया अल तोरास अल अरबी, सातवाँ संस्करण, 1362 शम्सी।
  • नराक़ी, मुहम्मद महदी, जामेअ अल सआदात, बेरूत, अल-आलमी प्रकाशन संस्थान, चौथा संस्करण, प्रकाशित तारीख़ उपलब्ध नहीं।
  • नूरी, हुसैन, मुस्तदरक अल वसाइल, बेरूत, आले बैत संस्थान, 1408 हिजरी।
  • फ़ख़्रे राज़ी, मुहम्मद बिन उमर, अल-तफ़्सीर अल कबीर, बेरूत, दारुल एहया अल तोरास अल अरबी, 1420 हिजरी।
  • फ़त्ताल नैशाबूरी, मुहम्मद बिन अहमद, रौज़तुल वाइज़ीन व बसीरतुल मुत्तइज़ीन, क़ुम, अल शरीफ़ अर-रज़ी, 1375 शम्सी।
  • बैज़ावी, अब्दुल्लाह बिन उमर, अनवार अल तंज़ील व असरार अल तावील, बेरूत, दार एहया अल तोरास अल अरबी, 1418 हिजरी।
  • मकारिम शीराज़ी, नासिर, तफ़्सीर नमूना, तेहरान, दारुल कुतुब अल इस्लामिया, 1374 शम्सी।
  • मकारिम शीराज़ी, नासिर, अख़लाके इस्लामी दर नहजुल बलाग़ा, क़ुम, नस्ले जवान प्रकाशन, दूसरा संस्करण, 1385 शम्सी।
  • मुतह्हरी, मुर्तज़ा, दह गुफ़्तार, क़ुम, सद्रा प्रकाशन, उनचासवाँ संस्करण, 1397 शम्सी।
  • मुन्तज़ेरी, हुसैन अली, दर्स्हाई अज़ नहजुल बलाग़ा, तेहरान, सराई प्रकाशन, 1382 शम्सी।
  • मुल्ला हुवैश आले ग़ाज़ी, अब्दुल क़ादिर, बयान अल मआनी, दमिश्क़, तरक़्क़ी प्रकाशन, 1382 हिजरी।
  • राग़िब इस्फ़हानी, अबुल क़ासिम हुसैन बिन मुहम्मद, अल-मुफ़रदात फ़ी ग़रीबिल क़ुरआन, बेरूत, दारुल क़लम, 1412 हिजरी।
  • राग़िब इस्फ़हानी, हुसैन बिन मुहम्मद, अल ज़रीआ इला मकारिम अल शरीआ, क़ुम, अल शरीफ़ अर-रज़ी, 1414 हिजरी।
  • सलमा, मुहम्मद बिन हुसैन, तबक़ात अल सूफ़िया, बेरूत, दारुल कुतुब अल इल्मिया, 1424 हिजरी।